बेंगलुरु में विवादित पोस्टर थामे महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Summary :

बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर भास्कर राव ने कहा कि वेदिके के सदस्यों ने महिला को वहां से चले जाने को कहा, जिसके बाद उसे वहां से हटा दिया गया।

बेंगलुरु में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए जाने के बाद शुक्रवार फिर इस तरह का मामला सामने आया। दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान महिला अपने हाथों में ”कश्मीर मुक्ति”, ”दलित मुक्ति” के पोस्टर थामे हुए थी। हालांकि इस घटना के तुरंत बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। 
बेंगलुरु में ही गुरुवार को सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान एक महिला ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे, जिसके खिलाफ शुक्रवार को हिंदू जागरण वेदिके ने प्रदर्शन आयोजित किया था। इसी दौरान एक महिला विवादित पोस्टर थामे प्रदर्शनकारियों के बीच बैठी दिखाई दी। पोस्टर में कश्मीर मुक्ति और दलित मुक्ति लिखा हुआ था। महिला को बैठे देख उसके पास भीड़ इकठा होने लगी।
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर भास्कर राव ने कहा कि वेदिके के सदस्यों ने महिला को वहां से चले जाने को कहा, जिसके बाद उसे वहां से हटा दिया गया। राव ने पत्रकारों से कहा, ”महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया है। हम उसके बारे में जानकारी जुटाएंगे, कि वह कहां रहती है और उसके पीछे कौन है।” 
राव ने कहा कि उसने नारेबाजी नहीं की। उसके हाथ में जो पोस्टर थे, उनमें अंग्रेजी और कन्नड़ में ”कश्मीर मुक्ति”, ”दलित मुक्ति” और ”मुस्लिम मुक्ति” नारे लिखे थे। यह पूछे जाने पर कि क्या उसे गिरफ्तार किया जाएगा, तो आयुक्त ने कहा कि जांच होने दीजिये। उन्होंने कहा, यह कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि उसे कुछ समय पहले ही हिरासत में लिया गया है।

Desk Team