गुजरात के अहमदाबाद में सार्वजनिक स्थान पर जन्मदिन समारोह का केक तलवार से काटने संबंधी एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए लोगों को वीडियो में कथित रूप से जन्म दिन की पार्टी का जश्न मनाते और उनमें से 1 को तलवार से केक काटते देखा जा सकता है। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार की रात शहर के बापूनगर इलाके में स्थित एक कॉलोनी में हुई। बापूनगर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी की पहचान देव बादशाह के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें बादशाह को अपने जन्मदिन के जश्न के दौरान 11 केक तलवार से काटते हुए देखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो एवं पुलिस जांच के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान के बाद सोमवार की देर रात उन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी को वीडियो में तलवार का का इस्तेमाल कर 11 केकों को सार्वजनिक स्थान पर एक-एक कर काटते हुए दिखाया गया है और उसके दोस्त जन्मदिन का गीत गा रहे हैं।
अधिकारी ने बताया, ”कल रात प्राथमिकी दर्ज की गयी और 9 आरोपियों को उसके बाद हिरासत में ले लिया गया। उनकी कोरोना वायरस जांच हुई है और उसका परिणाम आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।” उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं- 143, 144, 188, 269 के अलावा आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं गुजरात पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



