मुंबई पर 26/11 जैसे हमले की चेतावनी वाले धमकी भरे संदेशों की जांच कर रही पुलिस ने रविवार को लगातार दूसरे दिन विरार से हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दरअसल, व्हाट्सएप पर मुंबई यातायात पुलिस के वर्ली स्थित नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर पर शुक्रवार रात 11:45 बजे पाकिस्तान के कोड वाले फोन नंबर से शहर पर ‘26/11 ’ जैसे हमले की चेतावनी दी गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को कहा था कि इसके बाद इस सिलसिले में पालघर जिले के विरार से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था जिससे मुंबई अपराध शाखा ने पूछताछ की।
पुलिस अधिकारी ने रविवार को कहा, ‘‘मामले की जांच कर रही अपराध शाखा ने शनिवार दोपहर को विरार में रहने वाले शख्स को देर रात जाने की अनुमति देने से पहले उससे पूछताछ की। उसे रविवार की सुबह फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस धमकी भरे संदेशों में उल्लिखित नंबरों के विवरण की पुष्टि कर रही है।
अधिकारियों के मुताबिक जहां एक संदेश में कहा गया कि छह लोग हमले को अंजाम देंगे, वहीं दूसरे संदेश में कहा गया कि मुंबई को उड़ाने की तैयारी है जो 26/11 के हमले की यादें ताजा कर देंगी।


Download Android App
Download iOS App



