हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को सुरक्षा उपलब्ध कराने का फैसला किया है। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कंगना को नौ सितम्बर को उनकी मुंबई यात्रा के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराएगी।
ठाकुर ने कहा कि कंगना की बहन ने शनिवार को उन्हें फोन किया और उनके पिता ने औपचारिक रूप से हिमाचल प्रदेश पुलिस को पत्र लिखकर उनकी बेटी को सुरक्षा दिये जाने का अनुरोध किया, इसलिए मैंने डीजीपी से राज्य में अभिनेत्री को सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा है।
सीएम ने कहा कि, उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराना हमारा कर्तव्य है क्योंकि वह हिमाचल प्रदेश की बेटी और एक सेलिब्रिटी है। कंगना के सिक्योरिटी थ्रेट का मूल्यांकन किया जाए और उसी हिसाब से उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। इसके बाद कंगना को पुलिस सुरक्षा दी गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी कंगना के घर पहुंचे हैं।
कंगना और उनकी बहन रंगोली का कोरोना सैंपल लिया जा रहा है। गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कंगना को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले पर कंगना रनौत के हाल के बयान पर कुछ भी कहने से इनकार किया और कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने शिवसेना नेता संजय राउत द्वारा अभिनेत्री को दी जा रही कथित धमकियों पर भी कुछ कहने से इनकार कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



