गोवा के नवनियुक्त मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार सुबह कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले उन्होंने अपने पूर्ववर्ती दिवंगत मनोहर पर्रिकर के परिजनों से शिष्टाचार भेंट की। भाजपा सूत्रों ने कहा कि सावंत की अगुवाई वाली भाजपा-नीत गठबंधन सरकार बुधवार को विधानसभा में बहुमत साबित करेगी।
राज्य सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचने से पहले, सावंत मंगलवार को पर्रिकर के आवास पहुंचे और उनके बेटे उत्पल व अभिजात से उन्होंने मुलाकात की। सावंत (45) ने मंगलवार तड़के दो बजे राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। प्रमोद सावंत ने पर्रिकर के आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, ”पर्रिकर के बेटे उत्पल और अभिजात मेरे दोस्त हैं। मेरे मुख्यमंत्री बनने के बाद यह मेरा कर्तव्य है कि मैं उनसे मुलाकात करूं। मैं अभी तक कार्यालय नहीं गया हूं।”
गोवा के नए CM प्रमोद सावंत ने दोस्तों और समर्थकों से की गुलदस्ता नहीं देने की अपील
सावंत ने कहा, ”पर्रिकर मेरे राजनीतिक आदर्श और गुरु थे। वह मेरे लिए पिता समान रहे हैं। मैं उनकी वजह से ही विधायक, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री बन सका। यह मेरी शिष्टाचार मुलाकात थी।” सावंत ने यह भी कहा कि 11 कैबिनेट मंत्रियों के विभागों का जल्द ही बंटवारा किया जाएगा।
इस बीच, भाजपा सूत्रों ने कहा कि भाजपा-नीत गठबंधन सरकार बुधवार को विधानसभा में बहुमत साबित करेगी। पार्टी के एक नेता ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा, ”हमारे भाजपा विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष माइकल लोबो प्रोटेम स्पीकर होंगे, जो बहुमत परीक्षण की कार्यवाही का संचालन करेंगे।”


Download Android App
Download iOS App




