असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिये खुले दिल से समर्थन का आश्वासन दिया है। लोकसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की लगातार दूसरी जीत के बाद सोनोवाल जब शुभकामनाएं देने प्रधानमंत्री मोदी से मिलने पहुंचे तो उन्होंने मुख्यमंत्री से यह बात कही।
प्रधानमंत्री के साथ अपनी मुलाकात के बाद सोनोवाल ने बताया, “प्रधानमंत्री ने असम और पूर्वोत्तर के चौतरफा विकास के लिये पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र के त्वरित विकास के लिये मदद करेगी।” मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ असम में अभी चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं पर चर्चा की और राज्य सरकार द्वारा इन्हें समय से पूरा करने के लिये उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी।
सोनोवाल ने कहा कि मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान असम और पूर्वोत्तर ने काफी विकास देखा जिनमें कई प्रमुख पुलों को बनाया जाना, राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण और रेल नेटवर्क का विस्तार शामिल है। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में असम व पूर्वोत्तर और विकास परियोजनाओं के गवाह बनेंगे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने असम के लोगों की तरफ से लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री चुने जाने पर मोदी को बधाई दी।


Download Android App
Download iOS App



