प्रियंका गांधी का तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव पर वार, कहा- ‘KCR ने कुछ नहीं किया, हम…’

Summary :

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को तेलंगाना दौरे पर हैदराबाद पहुंचीं और युवा संघर्ष रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली बीआरएस सरकार पर जमकर निशाना साधा।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को तेलंगाना दौरे पर हैदराबाद पहुंचीं और युवा संघर्ष रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली बीआरएस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैली में आया ये जनसैलाब, तेलंगाना में आने वाले बदलाव का चश्मदीद है। 
दरअसल, कांग्रेस महासचिव ने वादा करते हुए कहा, “अगर तेलंगाना में हमारी सरकार बनती है तो हम आपसे किए हुए सभी वादों को पूरा करेंगे और अगर हम अपने वादों को पूरा करने में विफल होते हैं तो आप हमें पांच साल बाद सरकार से हटा देना.” इसके साथ ही उन्होंने रोजगार, कर्ज और किसानों के मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर हमला किया। 
किसानों के मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर हमला
आपको बता दें रैली में प्रियंका गांधी ने कहा, “BRS सरकार ने कहा था कि वो आपको कर्ज मुक्त करना चाहती है लेकिन आज भी ढाई लाख किसानों पर कर्ज है, रोजाना लगभग 3 किसान आत्महत्या करते हैं. केसीआर जी ने कहा था कि हर घर में एक नौकरी मिलेगी. आप लोगों को नौकरी मिली क्या? यहां के 40 लाख युवा बेरोजगार हैं. 2018 में इन्होंने कहा था कि हर महीने 3,000 बेरोजगारी भत्ता मिलेगा।मिला क्या? 2 लाख सरकारी नौकरियों के पद खाली है लेकिन भरे नहीं गए.”
शहीदों की कुर्बानियों को अच्छी तरह से समझती हूं
वहीं, तेलंगाना राज्य गठन को याद करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, “आपके प्रदेश को बनाने में सोनिया गांधी जी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. आंदोलन आप लोगों का था, उन्होंने कुर्बानियां दी थीं तब जाकर इस राज्य का निर्माण हुआ है.” इसके अलावा देश निर्माण में कांग्रेस के योगदान के बारे में जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “मेरे परिवार ने भी देश के लिए कुर्बानियां दी हैं, मैं शहीदों की कुर्बानियों को अच्छी तरह से समझती हूं.”

Desk Team