‘घूंघट, जींस या बिकनी’ फैसला महिलाओं का अधिकार, हिजाब विवाद पर प्रियंका का Tweet

Summary :

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने इस विवाद पर कहा कि यह फैसला करना महिलाओं का अधिकार है कि उन्हें क्या पहनना है तथा पहनावे को लेकर उत्पीड़न बंद होना चाहिए।

कर्नाटक के कुछ शिक्षण संस्थानों में हिजाब को लेकर खड़े हुए विवाद पर सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने इस विवाद पर कहा कि यह फैसला करना महिलाओं का अधिकार है कि उन्हें क्या पहनना है तथा पहनावे को लेकर उत्पीड़न बंद होना चाहिए।
प्रियंका ने ट्वीट करते हुए लिखा, “लड़की हूं, लड़ सकती हूं”  हैशटैग से ट्वीट किया, “चाहे वह बिकनी हो, घूंघट हो, जींस हो या हिजाब हो, यह फैसला करने का अधिकार महिलाओं का है कि उन्हें क्या पहनना है।” उन्होंने कहा, “इस अधिकार की गारंटी भारतीय संविधान ने दी है। महिलाओं का उत्पीड़न बंद करो।”


एआईएमआईएम प्रमुख एवं हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने हिजाब पर छात्राओं का समर्थन किया। उन्होंने कहा, कर्नाटक में मुस्लिम छात्राओं ने हिंदुत्व की भीड़ के अत्यधिक उकसावे के बावजूद काफी साहस का प्रदर्शन किया है।” वहीं, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले ध्रुवीकरण करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के सांसद सिद्धरमैया ने भी सरकार से स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित करने का आग्रह किया था। 

गौरतलब है कि कर्नाटक के कुछ शिक्षण संस्थानों में हाल के दिनों में ‘हिजाब’ के पक्ष और विपक्ष में प्रदर्शन हुए हैं। छात्राओं ने कॉलेज में हिजाब पहनकर आने की अनुमति को लेकर कर्नाटक हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। वहीं हिजाब के विरोध में छात्रों के समूहों ने भगवा शॉल के साथ प्रदर्शन किए। मंगलवार को प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों में पथराव और लाठीचार्ज की घटनाएं हुई। हालातों को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश में अगले तीन दिन तक स्कूल और कॉलेज में अवकाश की घोषणा की है।

Desk Team