उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को कहा कि पिछले चार वर्षों में उनकी सरकार ने सड़कों के विकास, स्वच्छ जल की आपूर्ति और महिला सशक्तीकरण आदि पर विशेष ध्यान दिया है।
यहां के निकट मिंयावाला में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 50 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 18 मार्च को राज्य सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे हो जायेंगे और प्रदेश की जनता से किए गए वादों को राज्य सरकार पूरा कर रही है।
वर्ष 2017 में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा ने अपना दृष्टिपत्र जारी किया था। रावत ने कहा, ‘‘ 2017 में जो दृष्टिपत्र बनाया गया था, उसमें से 85 प्रतिशत से अधिक कार्य हो चुके हैं।’ यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा अब तक की गयी घोषणाओं पर क्रियान्वयन की भी नियमित समीक्षा की जा रही है और इनमें से अधिकतर पर काम पूरा हो चुका है।
रावत ने कहा कि पिछले चार वर्षों में सड़कों के विकास, स्वच्छ जल आपूर्ति, महिला सशक्तीकरण आदि पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पति की पैतृक सम्पति में महिलाओं को अधिकार देने का कार्य किया है और ऐसा करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है।


Download Android App
Download iOS App



