केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने लोक सेवा आयोग (पीएससी) परीक्षा घोटाले में सीबीआई जांच की विपक्ष यूडीएफ की मांग गुरुवार को ठुकरा दी। जिसके बाद विपक्ष के सदस्य सदन से वॉकआउट कर गए। कांग्रेस नीत यूडीएफ की ओर से लाए गए स्थगन प्रस्ताव के जवाब में विजयन ने कहा कि इस मामले में आरोपियों को कोई राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलेगा और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उन्हें इसका दंड मिले।
सीबीआई जांच की मांग खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मामले की विस्तृत जांच जारी है। राज्य पुलिस की अपराध शाखा प्रभावी तरीके से जांच कर सकती है। इसलिए मामले की जांच के लिए किसी अन्य एजेंसी की आवश्यकता नहीं है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को कानून के कटघरे में लाने के लिए सरकार ने हरसंभव प्रयास किए हैं।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जुटाए गए डिजिटल सबूतों की पड़ताल की जा रही है। पीएससी की आंतरिक सतर्कता समिति ने पाया था कि वांमपंथी छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के पूर्व नेताओं ने हाल में आयोजित लोक पुलिस अधिकारी परीक्षा में गड़बड़ी की और उच्च रैंक प्राप्त की।


Download Android App
Download iOS App



