मंगलवार को राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने वाले है तो वहीं राजनीतिक पार्टियों को बेचैनी बढ़ रही है। मध्य प्रदेश में एग्जिट पोल के नतीजों के हिसाब से इस बार बीजेपी और कांग्रेस में बराबर की टक्कर होने वाली है। इधर राज्य में अपनी अपनी पार्टी की हालत देख नेताओं के भी बयान सामने लगे हैं।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा ने कहा है कि लगता है कि हमें बड़ा नुकसान होने वाला है। रघुनंदन शर्मा ने कहा, ”लोगों का आक्रोश था कि सीएम ने इस प्रकार की बात कह दी कि ‘कोई माई का लाल’। इससे हमारा नुकसान तो हुआ है और लगता है कि अगर इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग नहीं होता तो और 10-15 सीटें हमारी आतीं और ये अनिश्चितता की स्थिति नहीं बनती।”
ध्यान रहे कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सितंबर में आरक्षण के मुद्दे पर कहा था कि ‘कोई माई का लाल आरक्षण खत्म नहीं कर सकता है। ‘रघुनंदन शर्मा ने आगे कहा, ”हो सकता है कि हमने गलतियां की हों। इसलिए एग्जिट पोल ऐसे आए हैं। ये गलत साबित हो सकते हैं, लेकिन यह हमारी उम्मीदों पर खतरे भी नहीं उतरते।
एग्जिट पोल के मुताबिक 230 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी को 102 से 120 सीट और कांग्रेस को 104 से 122 सीटें मिलने का अनुमान है। बसपा को 3 और अन्य को 3 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है. 2013 के चुनाव में बीजेपी को 165 और कांग्रेस को 58 सीटें मिली थीं। अगर वोट शेयर की बात की जाए तो कांग्रेस को एमपी में 41 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
हालांकि बीजेपी का वोट शेयर कांग्रेस से मात्र एक फीसदी कम है। यहां पर पार्टी को 40 फीसदी वोट मिलता दिख रहा है। वहीं बीएसपी को 4 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं, जबकि अन्य को जिनमें एसपी और जीजीपी शामिल हैं, उन्हें 15 फीसदी वोट मिलते दिख रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



