कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के नेताओं के साथ ऑनलाइन बैठक की और 2021 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए वाम दलों के साथ गठबंधन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के अनुसार दोनों दलों के बीच सीटों के तालमेल के बारे में राहुल ने जानकारी ली।
बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी के वाम दलों के साथ गठबंधन की वकालत की लेकिन सीटों के बंटवारे के मसले पर कुछ वरिष्ठ सदस्यों की राय अलग थी। कुछ सदस्यों ने कहा कि किसी निर्णय पर पहुंचने से पहले पार्टी को हालिया संपन्न बिहार विधानसभा चुनावों से सबक लेना चाहिए जहां पार्टी को केवल 19 सीटों पर सफलता मिली। प्रदेश में कांग्रेस ने 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘हमने राहुल गांधी जी से कहा कि पूरी प्रदेश इकाई राज्य में वाम दलों के साथ गठबंधन के पक्ष में हैं लेकिन सीटों के बंटवारे पर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस एवं भाजपा को हराने के लिए वाम-कांग्रेस गठजोड़ सबसे बेहतर विकल्प है।’’


Download Android App
Download iOS App



