संसद में उत्तराखंड की आवाज उठाएं

Summary :

देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने उत्तराखंड से चुने गए सभी सांसदों से संसद में राज्य के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने उत्तराखंड से चुने गए सभी सांसदों से संसद  में राज्य के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ससंद में पलायन और पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा की जानी चाहिए। नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में रविवार शाम आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य से चुने गए सभी सांसद अनुभवी और उत्तराखंड की  समस्याओं से अवगत हैं। 
उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य हित से जुड़ी केन्द्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उनके प्रयास मददगार होंगे। सीएम ने  कहा कि प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार मजबूती से कार्य कर रही है।  जनता ने जो विश्वास जताया है, अब हमें उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का  प्रयास करना होगा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड  से विशेष लगाव है। राज्य के विकास में उनका सहयोग बना रहेगा।  
सीएम ने कहा  कि राज्य के सर्वांगीण विकास में सभी को जुटना होगा। उन्होंने सांसदों से  सुझाव भी मांगे। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, डॉ.  रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, अजय भट्ट, अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद  अनिल बलूनी, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और राज्य प्रभारी  श्याम जाजू भी उपस्थित थे। 

Desk Team