हैदराबाद में अपोलो अस्पताल की ओर से रविवार को बताया गया कि अभिनेता रजनीकांत की चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट में कुछ भी चिंताजनक नहीं है और रक्तचाप में उतार-चढ़ाव होने के संबंध में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों का एक दल रविवार को उनकी स्थिति का आकलन करेगा और अस्पताल से छुट्टी देने के संबंध में निर्णय लेगा।
अस्पताल ने 70 वर्षीय अभिनेता के स्वास्थ्य से जुड़े एक चिकित्सकीय बुलेटिन में बताया,‘‘सभी जांच रिपोर्ट आ चुकी हैं और इनमें कोई चिंताजनक बात सामने नहीं आई है।’’अस्पताल ने बताया कि डॉक्टरों की टीम दोपहर में उनके स्वास्थ्य का आकलन करेगी और छुट्टी देने के संबंध में निर्णय लेगी। बता दें कि रजीनकांत का रक्तचाप बेहद अस्थिर हो गया था, जिसके बाद उन्हें शुक्रवार को हैदराबाद के अस्पताल में भर्ती किया गया। वह ‘सन पिक्चर्स’ की तमिल फिल्म ‘अन्नाथे’ की शूटिंग करने के लिए 13 दिसंबर से हैदराबाद में हैं।
कुछ दिन पहले फिल्म से जुड़े 4 सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद अभिनेता ने खुद को पृथक-वास में रखा था। हालांकि बाद में अभिनेता की जांच रिपोर्ट में संक्रमण नहीं पाया गया था। इसके साथ ही बताते चलें कि रजनीकांत 2021 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक पार्टी की भी शुरुआत करने वाले हैं।


Download Android App
Download iOS App



