पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की भारी बहुमत से जीत का दावा करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और निवर्तमान शहरी विकास मंत्री फरहाद हकीम ने रविवार को कहा कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को पुन: पटरी पर लाना नयी सरकार की प्राथमिकता होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता में आने के बाद कोरोना महामारी संकट को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस के कंधों पर जिम्मेदारी का भार और बढ़ जाएगा तथा इसके मद्देनजर जीत का जश्न और रैलियों को पीछे छोड़ना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम दो तिहाई बहुमत से चुनाव जीतेंगे और बंगाल में सरकार बनाएंगे। ममता बनर्जी तीसरी बार हमारी मुख्यमंत्री बनेंगी। यह जीत आम आदमी की होगी। हमारी सफलता हमारे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी लेकर आएगी।’’
कोलकाता नगर निगम के प्रशासकों के बोर्ड के अध्यक्ष हकीम ने कहा कि वह एक अस्पताल से दूसरे अस्पतालों का रुख कर रहे हैं और वहां मौजूद सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं और जरूरतमंद मरीजों को मदद पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्राथमिका स्वास्थ्य व्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने की होगी। मैं मानता हूं कि यह बहुत ही चुनौतीपूर्ण होगा। मैं फिलहाल मत्री नहीं हूं लेकिन हर एक अस्पताल का दौरा कर रहा हूं। मैं अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हट सकता।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या चुनावी नतीजों को लेकर उनके मन में आशंकाएं थीं, हकीम ने कहा, ‘‘हमने लोगों के लिए काम किया है और यही हमारी सफलता का रहस्य है। मैं तनाव में बिल्कुल नहीं हूं बल्कि मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस की फिर से सरकार बनेगी। लोगों ने हमें इसलिए मतदान किया क्योंकि वह हमारे प्रदर्शन से खुश हैं।’’ हकीम कोलकाता पोर्ट से चुनावी मैदान में थे जहां उनका मुकाबला भाजपा के अवध किशोर गुप्ता से है। छठे दौर की मतगणना के बाद हकीम 33,071 मतों से आगे चल रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



