पूर्व भारतीय क्रिकेटर और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने बुधवार को मुंबई के सेवेन हिल्स अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों के लिए प्लाज्मा थेरेपी यूनिट का किया उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना काल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर, पुलिस, म्युनिसिपल और सरकारी कर्मचारी की सराहना की।
यह प्लाज्मा यूनिट बृहनमुंबई नगर निगम (बीएमसी) की एक पहल है, जिसने इस महामारी से लड़ने के लिए नए रास्ते खोले हैं। इस यूनिट में इस रोग से ठीक होने वाले लोगों के दान किए गए रक्त प्लाज्मा से कोविड-19 रोगियों की प्लाज्मा थेरेपी की जाएगी।

तेंदुलकर ने एक बयान में कहा, “हम कोविड-19 महामारी के रूप में काफी मुश्किल समय का सामना कर रहे हैं। इस समय में हमारे डॉक्टर, पुलिस, म्युनिसिपल और सरकारी कर्मचारी बिना थके काम कर रहे हैं ताकि उन लोगों को जो वायरस से संक्रमित हैं उनको बचाया जा सके।”
उन्होंने कहा, “पूरे विश्व में रिसर्च करने वाले इसकी वैक्सीन ढूंढ़ने में लगे हुए हैं। इसी बीच प्लाज्मा थेरेपी एक अच्छे विकल्प की तरह निकल कर आई है। मैं बीएमसी को यह सुविधा शुरू करने के लिए बधाई देता हूं।” उन्होंने कहा, “जो कोविड-19 से पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं, मैं उन लोगों से अपील करता हूं कि वे आगे आएं और प्लाज्मा थेरेपी के लिए अपना रक्त दान दें और जिंदगियों को बचाने में मदद करें।”


Download Android App
Download iOS App



