कर्नाटक सिद्धगंगा मठ के महंत 111 वर्षीय शिवकुमार स्वामी जी का सोमवार दोपहर निधन हो गया। मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इसकी पुष्टि करते हुए कर्नाटक में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। अपने अनुयायियों के बीच भगवान का दर्जा पाने वाले स्वामी जी के निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई है। मठ में स्वामी जी के भक्त दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को प्रसिद्ध लिंगायत संत शिवकुमार स्वामीजी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह लोगों, खासकर गरीबों, के लिए जिये। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘परम पूजनीय डॉ. श्री श्री श्री शिवकुमार स्वामीगलु लोगों, खासकर गरीबों एवं कमजोरों, के लिए जिये।
उन्होंने गरीबी, भूख और सामाजिक अन्याय जैसी समस्याओं के उन्मूलन की दिशा में खुद को समर्पित कर दिया था। दुनिया भर में फैले उनके अनगिनत श्रद्धालुओं के प्रति प्रार्थनाएं एवं एकजुटता।’’ उन्होंने कहा कि स्वामीजी वंचित तबकों के लिए बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं सुनिश्चित करने के प्रयासों में आगे रहे और वह करुणामयी सेवा, आध्यात्मिकता एवं वंचितों के अधिकारों का संरक्षण करने की भारतीय परंपरा के प्रतिनिधि रहे।
मोदी ने कहा, ‘‘मुझे श्री सिद्धगंगा मठ जाने और परम पूजनीय डॉ. श्री श्री श्री शिवकुमार स्वामीगलु का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा,‘‘वहां सामुदायिक सेवा की व्यापक पहल शानदार है और अकल्पनीय रूप से बहुत बड़े पैमाने पर है।’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेता उन्हें अपना गुरु मानते हैं। वर्ष 2007 में उनके 100वें जन्मदिन पर तत्कालीन कर्नाटक सरकार ने शिवकुमार स्वामी जी को राज्य के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘कर्नाटक रत्न’ से नवाजा था। बता दें कि पिछले महीने चेन्नई के एक निजी अस्पताल में स्वामी जी के पित्ताशय और यकृत की बाईपास सर्जरी की गई थी। बाद में उनको बेंगलुरु लाया गया था। वहां से उन्हें तुमकुरु के सिद्धगंगा मठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद वेंटीलेटर पर रखा गया था। स्वामी जी के निधन के बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीएम एचडी कुमारस्वामी ने डिप्टी सीएम जी परमेश्वर गृहमंत्री एमबी पाटिल और जिला प्रशासन के साथ बैठक बुलाई है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा, केंद्रीय मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा और बीजेपी सांसद शोभा करंदलाजे ने अपने निर्धारित कार्यक्रमों को रद्द करके सिद्धगंगा मठ पहुंचे हैं।
वीआईपी के आने के लिए मठ के आसपास हेलीपैड बनाए गये हैं। ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। राज्य की कुल जनसंख्या का 18 फीसदी लिंगायत समुदाय की संख्या है, जिसके कारण राज्य की राजनीति पर इस समुदाय का खासा प्रभाव है। राज्य के तुमकुरु जिले में लिंगायत समुदाय का प्रमुख मठ सिद्धगंगा है और शिवकुमार स्वामी जी इसके प्रमुख महंत थे। राज्य के लिंगायत मठों की संख्या 400 से ज्यादा है।


Download Android App
Download iOS App





