बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने शुक्रवार को मुंबई के पुलिस आयुक्त विवेक फणसालकर से दक्षिण मुंबई स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभिनेता ने हथियार के लाइसेंस के लिए आवेदन किया है।
हालांकि, खान ने कहा कि पुलिस आयुक्त उनके पुराने दोस्त हैं और वह उन्हें बधाई देने गये थे। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब पिछले महीने खान को धमकी भरा एक पत्र प्राप्त हुआ था।
एक अधिकारी ने बताया कि अभिनेता शाम करीब चार बजे मुंबई पुलिस मुख्यालय पहुंचे और फणसालकर से मिले। उन्होंने बताया कि यह मात्र एक शिष्टाचार मुलाकात थी। साथ ही, खान ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) विश्वास नांगरे पाटिल से भी मुलाकात की।
पिछले महीने, सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को एक पत्र मिला था, जिसमें धमकी दी गई थी कि दोनों का पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला जैसा हश्र किया जाएगा। मूसेवाला की मई में हत्या कर दी गई थी। पत्र मिलने के बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।


Download Android App
Download iOS App



