बीजेपी नेता ने कहा कि पूर्ववर्ती फडणवीस सरकार ने मेरा फोन टैप करवाया : संजय राउत

Summary :

राउत ने कहा, बीजेपी के एक नेता ने मुझे बताया कि मेरे फोन को टैप किया जा रहा था। मेरा कहना है कि मैं क्या कह रहा हूं अगर यह कोई सुनना चाहता है तो मैं इसका स्वागत करता हूं।

शिवसेना सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि बीजेपी के एक नेता ने उन्हें बताया है कि महाराष्ट्र की पूर्ववर्ती देवेंद्र फडणवीस सरकार ने उनका फोन टैप करवाया था। राकांपा के इस आरोप पर कि केंद्र ने पार्टी प्रमुख शरद पवार के नयी दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास की सुरक्षा वापस ले ली है, राउत ने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया होगा क्योंकि राज्य में शिवसेना के नेतृत्व में सरकार गठन में पवार की भूमिका रही थी। 
उन्होंने कहा कि यहां तक कि गांधी परिवार को प्रदत्त एसपीजी सुरक्षा भी हाल में वापस ले ली गई। राउत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बीजेपी के एक नेता ने मुझे बताया कि मेरे फोन को टैप किया जा रहा था। मेरा कहना है कि मैं क्या कह रहा हूं अगर यह कोई सुनना चाहता है तो मैं इसका स्वागत करता हूं। मैं बाबा साहेब का चेला हूं, जो करता हूं खुलेआम करता हूं।’’ 

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सीमित मुफ्त सुविधाओं को अर्थव्यवस्था के लिए बताया अच्छा

उन्होंने कहा, ‘‘फोन टैप करवाने के बावजूद महाराष्ट्र में सरकार तो हमने ही बनाई।’’ एक दिन पहले राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने आरोप लगाया था कि फडणवीस सरकार ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं के फोन टैप करवाए थे। महाराष्ट्र विकास अघाड़ी सरकार के गठन के वक्त तो खासतौर पर ऐसा किया गया था। 
देशमुख ने कहा,‘‘महाराष्ट्र पुलिस की साइबर सेल को पिछली सरकार के दौरान मिली जासूसी/ फोन टैपिंग की विभिन्न शिकायतों की जांच करने को कहा गया है।” कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी पहले आरोप लगाया था कि फडणवीस सरकार ने विपक्षी नेताओं के फोन टैप करवाए हैं। उन्होंने फोन-टैपिंग के मामले में अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए थे। 

Desk Team