सुशांत सिंह राजपूत मामले में SC में दाखिल याचिका, CBI से केस की स्टेटस रिपोर्ट देने की मांग

Summary :

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई की जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है।

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई याचिका में सुशांत केस को लेकर सीबीआई से स्टेटस रिपोर्ट लेने की मांग है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत मुंबई स्थित अपने आवास में 14 जून, 2020 को मृत पाए गए थे। मामले की जांच सीबीआई के अलावा ईडी और एनसीबी भी कर रही है।
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में अब तक कुछ साफ नहीं हो सका है। अभिनेता की मौत की साजिश के आरोप में दर्ज रिव्यू पेटीशन पर पिछले गुरुवार को एडीजे वन के कोर्ट में सुनवाई हुई थी। इस दौरान आरोपित डायरेक्टर संजय लीला भंसाली, एकता कपूर, भूषण कुमार व साजिद नाडियावाल के अधिवक्ता कोर्ट में उपस्थित हुए। भंसाली की ओर से अधिवक्ता सरोज कुमार व शेष तीनों फिल्मकारों की ओर से प्रियरंजन उर्फ अन्नू कोर्ट में उपस्थित हुए। भंसाली की ओर से पहली बार अधिवक्ता उपस्थित हुए हैं। 
सुप्रीम कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 9 दिसंबर की तिथि निर्धारित की है। पूर्व में अनुपस्थिति को लेकर फिल्मनिर्माताओं को नोटिस जारी किया गया था। पिछले 14 अगस्त को अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने सलमान समेत 8 फिल्मी हस्तियों के खिलाफ जिला व सत्र न्यायालय में पुनरीक्षण वाद दाखिल किया था। इससे पहले जुलाई में सीजेएम कोर्ट में परिवाद दाखिल किया गया था। 8 जुलाई को सीजेएम कोर्ट ने घटना को क्षेत्राधिकार से बाहर बताते हुए परिवाद को खारिज कर दिया था। इस आदेश के खिलाफ अधिवक्ता ने पुनरीक्षण वाद दाखिल किया था।

Desk Team