वर्तमान में चल रहे किसान आंदोलन के बीच भाजपा के बिहार प्रमुख संजय जायसवाल ने सोमवार को कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी ‘जोंक की तरह है जो रक्त नहीं मिलने पर बेचैन हो जाती है’ और किसानों को उकसा रही है। किसानों द्वारा मंगलवार को भारत बंद के आह्वान के बाद सोमवार को जायसवाल का बयान आया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के पीछे कांग्रेस का हाथ है। जायसवाल ने कहा, कांग्रेस पार्टी के नेता एमएसपी पर किसानों को भड़का रहे हैं।
मैं यह बताना चाहता हूं कि 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान इसी कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया था कि अगर वे सत्ता में आएंगे तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अधिनियम को हटा देंगे। घोषणा पत्र के पेज नंबर 17 में इसका उल्लेख है।
अब, कांग्रेस नेता और उनके समर्थक एनडीए सरकार की आलोचना कर रहे हैं। जायसवाल ने आगे कहा, वर्तमान में बड़ी संख्या में किसान दिल्ली की सीमाओं पर बैठे हैं। वे कांग्रेस पार्टी द्वारा समर्थित, अच्छी आर्थिक स्थिति वाले और आर्थिक रूप से मजबूत लोग हैं।
हमारे प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने बार-बार स्पष्ट किया है कि एमएसपी रहेगी। हमारा उद्देश्य कृषि क्षेत्र में बिचौलियों की अवधारणा को खत्म करना है। जायसवाल ने आगे कहा, देश के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की गुणवत्ता पर बहुत विश्वास है, लेकिन कुछ व्यक्तिगत परिवार जैसे ‘फेक गांधी परिवार”और बिहार में लालू प्रसाद का परिवार एनडीए को हजम नहीं कर पा रहा है।
इसलिए, वे सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं उनके ध्यान में लाना चाहता हूं कि वे हमारे धैर्य की परीक्षा न लें। उन्होंने आगे कहा, यह उन दलों और नेताओं के लिए चेतावनी है जो किसानों के पीछे बैठकर राजनीति कर रहे हैं। हम देश के खिलाफ साजिश नहीं होने देंगे। हम देश को बचाने के लिए चाणक्य की नीति ‘साम, दाम, दंड, भेद’ की रणनीति का उपयोग करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



