असम गर्मियों की छुट्टी के बाद भी बंद रहेंगे स्कूल, कोरोना के मद्देनजर सरकार का फैसला

Summary :

कोरोना वायरस की दूसरी लहर के चलते राज्य में निर्धारित समय से पहले ही 15 मई से 14 जून तक के लिए गर्मियों की छुट्टी कर दी थी।

कोरोना संक्रमण के मद्देनजर असम में गर्मियों की छुट्टियों के बाद भी स्कूल बंद रहेंगे। सरकार ने इस दौरान ऑनलाइन कक्षाओं के आयोजन को लेकर कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना वायरस की दूसरी लहर के चलते राज्य में निर्धारित समय से पहले ही 15 मई से 14 जून तक के लिए गर्मियों की छुट्टी कर दी थी। आमतौर पर गर्मियों की छुट्टियां एक से 31 जुलाई तक होती हैं।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव बी कल्याण चक्रवर्ती ने जिला प्रशासनों के अधिकारियों को ऑनलाइन कक्षाओं के लिए इंतजाम करने का आदेश दिया है ताकि विद्यार्थियों की शिक्षण प्रक्रिया में निरंतरता बनी रहे। स्कूल में 14 जून को गर्मियों की छुट्टियां खत्म हो गईं।
चक्रवर्ती ने माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षा निदेशकों, सभी स्कूल निरीक्षकों एवं विभाग के अन्य अधिकारियों तथा सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रमुखों को अगले आदेश तक या इन संस्थानों के खुलने तक के लिए ऑनलाइन कक्षाओं के आयोजन के लिए कदम उठाने को कहा है। यह आदेश सोमवार को जारी किया गया और तत्काल प्रभावी हो गया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के एक बुलेटिन के अनुसार असम में सोमवार को कोरोना वायरस के 3678 नए मामले सामने आए थे और 43 संक्रमितों की मौत हो गई थी। इसके अनुसार राज्य में कोरोना वायरस के नए मामलों के बाद जहां संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 463175 हो गई है, वहीं मृतक संख्या 3994 पर पहुंच गई है।

Desk Team