अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन रूस के राष्ट्रपति के साथ अपनी बहुप्रतीक्षित बैठक से पहले यूरोपीय सहयोगियों के साथ व्यापार तनाव को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। ब्रिटेन में दुनिया के सात प्रमुख देशों के समूह और ब्रसेल्स में नाटो के सहयोगियों के साथ शिखर सम्मेलन के बाद, बाइडन मंगलवार को यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल और यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मिले।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने पुतिन के साथ जिनेवा में बुधवार की अपनी बैठक से पहले व्यापक यूरोपीय समर्थन की मांग की है। हालांकि, अमेरिका-यूरोपीय संघ के संबंधों में भी कुछ तनाव हैं। बाइडन यूरोपीय संघ के शीर्ष अधिकारियों से ऐसे समय मिलेंगे, जब वह इस बात को लेकर चिंतित हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने अभी तक अपने पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रंप के 2018 के विदेशी स्टील और एल्युमीनियम के आयात पर कर लगाने के फैसले पर कुछ नहीं किया है।
इसके अलावा दोनों पक्षों के बीच विमान कंपनियों बोइंग और एयरबस को दी जाने वाली सरकारी सब्सिडी को लेकर भी विवाद है। हालांकि, इस बात की उम्मीद न के बराबर है कि बाइडन मंगलवार को जिनेवा जाने से पहले टैरिफ पर कोई फैसला करेंगे। रविवार को जी-7 देशों के नेताओं की बैठक के बाद उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्हें इस मामले के समाधान के लिए और समय चाहिए।
एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एक संयुक्त व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद के गठन की घोषणा हो सकती है। इसके अलावा कृत्रिम मेधा, क्वांटम कंप्यूटिंग, जैव-प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



