वाशिंगटन, 4 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के नतीजे आने लगे हैं। फिलहाल तीन भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेट्स के चुनाव जीतने या फिर से चुने जाने के आसार हैं, जबकि ओहियो में गवर्नर पद की कड़े मुकाबले में रिपब्लिकन विवेक रामास्वामी, डेमोक्रेट एमी एक्टन से पीछे चल रहे हैं।
सीबीएस न्यूज के अनुसार, पिया दांडिया ने रिपब्लिकन केसी असकर को हराकर फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट (संसदीय क्षेत्र) से जीत हासिल की है। इस जीत से डेमोक्रेट्स को दक्षिण फ्लोरिडा में एक नया सीमा-निर्धारित चुनावी क्षेत्र मिल गया है और अमेरिकी कांग्रेस में एक और भारतीय-अमेरिकी महिला शामिल हो गई हैं।
दांडिया पूर्व स्कूल प्रिंसिपल और व्हाइट हाउस फेलो रह चुकी हैं। इनके माता-पिता भारत से आकर अमेरिका में बस गए थे, उन्होंने शिक्षा, किफायती जीवन-यापन और आर्थिक अवसरों के मुद्दों पर अपना चुनाव प्रचार किया था।
वर्जीनिया में, डेमोक्रेटिक कांग्रेसमैन सुहास सुब्रमण्यम ने राज्य के 10वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से फिर से जीत हासिल की है। उन्होंने रिपब्लिकन डेव बेकविथ और निर्दलीय उम्मीदवार अहसेन मलिक को हराया। एनबीसी न्यूज़ ने शाम को ही उनकी जीत का अनुमान जता दिया था।
सुब्रमण्यम, जो 2024 में वर्जीनिया से अमेरिकी कांग्रेस के पहले भारतीय-अमेरिकी सदस्य बने थे, ने कहा कि अपने दूसरे कार्यकाल में उनका ध्यान संघीय कर्मचारियों की सुरक्षा, जीवन-यापन की लागत कम करने, स्वास्थ्य सेवा में की गई कटौती को ठीक करने, और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तथा डेटा सेंटरों के लिए सुरक्षा उपाय लागू करने पर होगा।
उनके चुनाव अभियान की ओर से जारी एक बयान में उन्होंने कहा, “चुनाव प्रचार खत्म हो गया है, लेकिन असली काम तो अब शुरू हो रहा है। मैं वाशिंगटन में बदलाव लाने के लिए अपने समुदाय के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।”
पड़ोसी राज्य मैरीलैंड में, डेमोक्रेटिक गवर्नर वेस मूर ने रिपब्लिकन डैन कॉक्स को हराया, जिससे भारतीय-अमेरिकी लेफ्टिनेंट गवर्नर अरुणा मिलर का कार्यकाल भी बरकरार रहा। मतदान खत्म होने के कुछ ही समय बाद सीबीएस न्यूज ने मूर की दोबारा जीत का अनुमान जता दिया था।
वहीं ओहियो में एक्टन ने रामास्वामी पर अपनी बढ़त बनाए रखी, हालांकि मतगणना आगे बढ़ने के साथ ही उनकी बढ़त कम होती गई।
आईएएनएस की चुनाव-रात की एक रिपोर्ट में एनबीसी न्यूज के नतीजों का हवाला दिया गया था, जिसके अनुसार रात 9 बजे तक लगभग 46 प्रतिशत वोटों की गिनती हो चुकी थी। इसमें एक्टन को 54.3 प्रतिशत और रामास्वामी को 42.8 प्रतिशत वोट मिले थे। उस समय तक नतीजे घोषित नहीं किए गए थे।
बायोटेक्नोलॉजी उद्यमी और पूर्व रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामास्वामी, जिन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन प्राप्त है, अब रिपब्लिकन गवर्नर माइक डीवाइन की जगह लेने की कोशिश कर रहे हैं (क्योंकि डीवाइन का कार्यकाल पूरा हो रहा है)।
एक और अहम घटनाक्रम में, सीबीएस न्यूज के रात 9:29 बजे तक के अनुमान अनुसार, डेमोक्रेट कीशा लांस बॉटम्स ने जॉर्जिया में गवर्नर का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने रिपब्लिकन रिक जैक्सन को हराया। अटलांटा की पूर्व मेयर अमेरिकी इतिहास में गवर्नर चुनी जाने वाली पहली अश्वेत महिला बनने जा रही हैं। उनकी जीत ने जॉर्जिया के गवर्नर पद पर रिपब्लिकन पार्टी के दो दशकों से अधिक के नियंत्रण को खत्म कर दिया है।
‘पोलिटिको’ के चुनाव-रात अलर्ट के अनुसार, फ्लोरिडा में गवर्नर पद के चुनाव में रिपब्लिकन कांग्रेस सदस्य बायरन डोनाल्ड्स ने डेमोक्रेट डेविड जॉली को हराया। डोनाल्ड्स, रिपब्लिकन गवर्नर रॉन डेसेंटिस की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल पूरा हो रहा है।
भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों ने भी राज्य विधायी चुनावों में शुरुआती दौर में अच्छी बढ़त बनाई है।
जॉर्जिया में, हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 से डेमोक्रेट ज्योत सिंह, रिपब्लिकन यासीन मोघाजी से आगे चल रहे हैं। अनौपचारिक नतीजों के अनुसार, सिंह को 10,176 वोट मिले हैं, जबकि मोघाजी को 4,226 वोट मिले हैं; वोटों की गिनती अभी जारी है।
पेंसिल्वेनिया में, हाउस डिस्ट्रिक्ट 30 से डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अरविंद वेंकट, रिपब्लिकन लिब्बी ब्लैकबर्न से आगे हैं। इलिनोइस में, सीनेट डिस्ट्रिक्ट 26 से डेमोक्रेटिक स्टेट रिप्रेजेंटेटिव नबीला सैयद, रिपब्लिकन डार्बी हिल्स से आगे चल रही हैं।
नॉर्थ कैरोलिना में, चौथे कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक कांग्रेस सदस्य वैलेरी फौशी के, भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन महेश गनोर्कर को हराने का अनुमान है।
राष्ट्रीय स्तर पर, डेमोक्रेट्स ने नॉर्थ कैरोलिना में रिपब्लिकन पार्टी के कब्जे वाली एक सीनेट सीट जीती है, जहां पूर्व गवर्नर रॉय कूपर ने माइकल व्हैटली को हराया। जॉर्जिया में डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन ओसॉफ फिर से चुने गए हैं, जबकि क्रिस पापास ने न्यू हैम्पशायर की सीनेट सीट जीत ली है।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



