भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पश्चिम बंगाल में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमले की शुक्रवार को निंदा की। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अगले चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ कर इसका करारा जवाब देगी।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कथित कार्यकर्ताओं ने नड्डा के काफिले पर बृहस्पतिवार को उस समय हमला किया था जब वह भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने कोलकाता से डायमंड हार्बर जा रहे थे। इसमें भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई नेता घायल हो गए थे।
इस हमले को लेकर पूछे गये एक सवाल पर सिंधिया ने पत्रकारों से यहां कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार को साफ तौर पर समझना चाहिये कि भाजपा न तो डरेगी और न ही झुकेगी। लोग इस सरकार को सत्ता से बाहर कर करार जवाब देंगे।’’
पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव अगले साल अप्रैल-मई में होने की संभावना है। सिंधिया ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा, ‘‘जो वीडियो हम सभी ने देखे हैं… बड़े-बड़े पत्थर, लाठी, डंडों के साथ वार किया गया है।’’ राज्यसभा सांसद सिंधिया शुक्रवार को भोपाल हवाई अड्डे पर आने के बाद मुलाकात के लिये सीधे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के आवास पर गये। इससे प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें शुरु हो गयी हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पार्टी के संयुक्त महासचिव हितानंद शर्मा भी शामिल हुए। मध्यप्रदेश में पिछले माह हुए 28 सीटों के उपचुनाव में सत्तारुढ़ भाजपा ने 19 सीटें जीती थी। इनमें से 15 वह नेता जीते हैं जो सिंधिया के साथ मार्च में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



