असम में बाढ़ के हालात गंभीर हो गए हैं। राज्य के जिलों में 62 हजार से अधिक लोग इससे प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा मोचन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि 145 गांव पानी में डूबे हुए हैं और 3,435 हैक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान हुआ है।
बाढ़ के हालात और खराब हो सकते हैं क्योंकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में असम समेत पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश का अनुमान जताया है। बाढ़ से धेमाजी, लखीमपुर, विश्वनाथ, बारपेटा, चिरांग, गोलाघाट, जोरहाट और डिब्रूगढ़ जिलों में करीब 62,400 लोग प्रभावित हुए हैं। एएसडीएमए ने बताया कि प्राधिकारी दो जिलों में पांच राहत शिविर एवं वितरण केन्द्र चला रहे हैं, जहां 203 लोग शरण लिये हुए हैं।
बारपेटा, उदालगिरी, लखीमपुर, सोनितपुर और जोरहाट जिलों में कई इलाकों में तटबंधों, सड़कों, पुलों, पुलियाओं और अन्य ढांचों को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने नौ से 12 जुलाई के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों तेज बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के दूर-दराज के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।


Download Android App
Download iOS App



