रूस में ईईएफ में इमरान के हिस्सा लेने से जुड़ी खबरें महज अटकलें: पाकिस्तान

Summary :

पाकिस्तान ने मीडिया में आई इन खबरों को ‘‘अटकलें’’ करार दिया कि प्रधानमंत्री इमरान खान रूस में ईस्टर्न इकनॉमिक फोरम (ईईएफ) में हिस्सा लेंगे, जहां भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे।

इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने मीडिया में आई इन खबरों को ‘‘अटकलें’’ करार दिया कि प्रधानमंत्री इमरान खान रूस में ईस्टर्न इकनॉमिक फोरम (ईईएफ) में हिस्सा लेंगे, जहां भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने चार सितंबर से छह सितंबर तक व्लादिवोस्तोक शहर में आयोजित होने जा रहे ईईएफ में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लेने के लिए मोदी को आमंत्रित किया है। 
पाकिस्तानी मीडिया ने पिछले हफ्ते खबर दी थी कि इमरान ने राष्ट्रपति पुतिन का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है। पिछले महीने बिश्केक में हुए शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन के इतर दोनों नेताओं की बातचीत के दौरान पुतिन ने इमरान को यह न्योता दिया था। मामले पर सफाई देते हुए पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने मंगलवार को उन खबरों को ‘‘अटकलें’’ करार दिया जिनमें ईईएफ में इमरान के शिरकत करने की बातें कही गईं।
फैसल ने ट्वीट किया, ‘‘रूस में ईईएफ में प्रधानमंत्री के हिस्सा लेने के बारे में मीडिया में आ रही खबरें अटकलबाजी हैं। पाकिस्तान और रूस अपने संबंधों को लेकर उच्चतम स्तर पर संपर्क में है। इस बाबत कोई घोषणा उचित समय पर औपचारिक तरीके से की जाएगी।’’  

Desk Team