राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में उनसे शुक्रवार को मुलाकात की। सूत्रों ने यह जानकारी दी। पवार और शिवसेना प्रमुख ठाकरे के बीच चार दिनों में यह दूसरी मुलाकात थी। दोनों पार्टियों के बीच तनाव पैदा होने की खबरों के बीच आज उनकी करीब आधे घंटे तक बैठक हुई।
राज्य में शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की गठबंधन सरकार है। उल्लेखनीय है कि अहमदनगर जिले की पारनेर नगर परिषद में शिवसेना के पांच पार्षद पिछले हफ्ते राकांपा में शामिल हो गये थे।
हालांकि, बाद में वे अपनी मूल पार्टी में लौट आए। दोनों दलों के बीच तनाव पैदा होने का एक अन्य कारण गृह विभाग द्वारा मुंबई में 10 पुलिस उपायुक्तों का तबादला आदेश जारी किया जाना है। हालांकि, तीन दिन के अंदर राज्य सरकार ने इस आदेश को निरस्त कर दिया।
गृह विभाग राकांपा के पास है। कुछ शहरों में कोविड-19 के मद्देनजर फिर से लॉकडाउन लागू किये जाने को लेकर भी मतभेद होने की खबरें हैं। सूत्रों के मुताबिक राकांपा का मानना है कि लॉकडाउन लागू करने से पहले नौकरशाहों से नहीं, बल्कि स्थानीय निर्वाचित जन प्रतिनिधियों से परामर्श करना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



