राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र में राजनीतिक स्थिति का जायजा लेने के लिए अपनी पार्टी के नेताओं और सांसदों की बैठक बुलाई है। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनावों में राकांपा-कांग्रेस गठबंधन के खराब प्रदर्शन के बाद यह बैठक बुलाई गई है।
गठबंधन ने महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटों में से केवल पांच पर जीत दर्ज की जबकि सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने 41 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की। प्रदेश राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने मंगलवार को यहां कहा कि पवार द्वारा बुलाई बैठक यहां वाई वी चह्वाण केंद्र में एक जून को होगी जिसमें सांसद, विधायक और अहम नेता शामिल होंगे।
राकांपा ने चार लोकसभा सीटें जीती और कांग्रेस ने महज एक सीट जीती। शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी द्वारा समर्थित एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी जीत दर्ज की। लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र साल के अंत से पहले होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए तैयारी कर रहा है।
इस बीच, महाराष्ट्र राकांपा के वरिष्ठ नेता अजीत पवार ने मावल लोकसभा क्षेत्र से अपने बेटे पार्थ की हार के लिए जिम्मेदारी ली है। यह पार्थ का पहला चुनाव था। शिवसेना के श्रीरंग बारने ने इस सीट से पार्थ को हराया। चुनाव नतीजों का विश्लेषण करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया था।


Download Android App
Download iOS App



