एनसीपी के 22वें स्थापना दिवस समारोह पर पार्टी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में एमवीए सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने सहयोगी दल शिवसेना की प्रशंसा करते हुए कहा कि उस पर भरोसा किया जा सकता है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात और पवार की पिछले सप्ताह बीजेपी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की पृष्ठभूमि में राकांपा अध्यक्ष के ये बयान आए हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए पवार ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र विकास आघाड़ी (शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस) अगले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगा। उन्होंने संकेत दिया कि तीनों दल 2024 में होने वाले चुनाव साथ में लड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि संशय पैदा किया जा रहा है कि राज्य सरकार कितने समय तक चल पाएगी। पवार ने कहा, ‘‘लेकिन शिवसेना ऐसा दल है जिस पर भरोसा किया जा सकता है। बालासाहब ठाकरे ने इंदिरा गांधी के प्रति अपने वचन का सम्मान किया था। सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और अगले लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी।’’
पवार ने कहा, ‘‘हमने अलग-अलग विचारधाराओं वाले दलों की सरकार बनाई। हमने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन शिवसेना के साथ सरकार बनाएंगे क्योंकि हमने कभी मिलकर काम नहीं किया था। लेकिन अनुभव अच्छा है और तीनों दल कोविड-19 महामारी के दौरान मिलकर बेहतर काम कर रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



