राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि जनता ने उनकी पार्टी से विपक्ष में बैठने के लिए कहा है और पार्टी ऐसा ही करेगी। शिवसेना की राकांपा और कांग्रेस के समर्थन से महाराष्ट्र में सरकार बनाने की संभावना की खबरों के बीच पवार ने शुक्रवार को यह टिप्पणी की। उन्होंने नासिक में मुख्यमंत्री पद के बंटवारे को लेकर भाजपा और उसके सहयोगी दल शिवसेना के बीच चल रहे गतिरोध को “बचकाना” बताया।
बता दें कि 21 अक्टूबर को हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने वाली भाजपा और शिवसेना ने क्रमशः 105 और 56 सीटें जीतीं। राकांपा और कांग्रेस ने क्रमशः 54 और 44 सीटें हासिल की हैं। राकांपा और कांग्रेस के समर्थन से शिवसेना की सरकार बनने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर शरद पवार ने कहा कि इस संबंध में उनकी पार्टी में कोई चर्चा नहीं हुई है।
अजीत पवार बोले- विपक्ष में बैठेगी राकांपा और कांग्रेस
उन्होंने कहा, “हमारे पास स्पष्ट बहुमत नहीं है। जनता ने हमें विपक्ष में बैठने को कहा है। हम उस जनादेश को स्वीकार करते हैं और ध्यान रखेंगे कि हम उस भूमिका को प्रभावी ढंग से निभाएं।” शिवसेना इस बात पर जोर दे रही है कि ढाई-ढाई साल में भाजपा और उसके मुख्यमंत्री बारी बारी से बनें। भाजपा ऐसी व्यवस्था को लागू करने की इच्छुक नहीं है।
विजेता दलों का जिक्र करते हुए शरद पवार ने कहा, “लोगों ने उन्हें सरकार बनाने का मौका दिया है। उन्हें इसका इस्तेमाल करना ही चाहिए। लेकिन अभी जो चल रहा है, वह मेरी राय में बचकाना है।”


Download Android App
Download iOS App



