जेल में बंद अन्नाद्रमुक नेता वी के शशिकला के पति एम नटराजन को फेफड़ों के ”गंभीर” संक्रमण पर यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति ”गंभीर” बताई जा रही है। नटराजन (74) को यहां ग्लेनीग्लेस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल ने यहां एक बयान में कहा कि नटराजन को ग्लेनीग्लेस अस्पताल के आईसीयू में 16 मार्च को फेफड़ों के गंभीर संक्रमण के साथ भर्ती किया गया।
अस्पताल के मुख्य संचालन अधिकारी शानमुगा प्रियन ने कहा कि नटराजन ‘वेंटिलेटर’ पर हैं और उनकी स्थिति ‘गंभीर’ है। पिछले साल अक्तूबर में नटराजन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनका यकृत और गुर्दा प्रतिरोपण हुआ था। आपरेशन से पूरी तरह से उबरने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
बता दें कि आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में बेंगलुरू के केन्द्रीय कारागार में चार साल के कारावास की सजा काट रहीं शशिकला पिछले साल आपातकाल पैरोल हासिल करने के बाद अपने पति से मिलने गई थीं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें ।


Download Android App
Download iOS App



