महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को ‘गुरु पूर्णिमा’ के अवसर पर यहां शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे के स्मारक पर जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। शिंदे ने यहां पत्रकारों से कहा कि बाल ठाकरे के आशीर्वाद के चलते ही उनके जैसा आम व्यक्ति राज्य के शीर्ष पद पर आसीन हो पाया है। उन्होंने कहा, ”मेरी सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास को लेकर प्रतिबद्ध है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रशासन से संपर्क बनाए हुए हैं और भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न इलाकों में पैदा हुए हालात पर नजर रख रहे हैं। इसके बाद वह शिवसेना के दिवंगत नेता एवं अपने पथप्रदर्शक आनंद दिघे को श्रद्धांजलि देने के लिए नजदीकी ठाणे शहर के लिए रवाना हो गए।
शिंदे और शिवसेना के 39 अन्य विधायकों ने पिछले महीने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह कर दिया था, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में उद्धव ठाकरे नीत महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार गिर गई थी। शिंदे ने 30 जून को मुख्यमंत्री जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।


Download Android App
Download iOS App



