शिवसेना के छह निवर्तमान मंत्री राज्य में कृषि संकट पर निवर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा बुधवार को बुलाई गई बैठक में शामिल हुए। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि एकनाथ शिन्दे और रामदास कदम सहित शिवसेना के मंत्री दक्षिणी मुंबई स्थित सहयाद्रि राज्य अतिथिगृह में बुलाई गई बैठक में पहुंचे।
भाजपा और शिवसेना के अपने-अपने रुख पर अड़े रहने से राज्य में नई सरकार का गठन अधर में लटका है। दोनों ही दल मुख्यमंत्री पद को लेकर अपने-अपने रुख पर कायम हैं। गत 24 अक्टूबर को आए राज्य विधानसभा चुनाव के परिणाम में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला।
भाजपा और शिवसेना (राजग गठबंधन) को बहुमत के जादुई आंकड़े 145 से कहीं अधिक 161 सीट मिली हैं लेकिन दोनों दलों के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद चला आ रहा है। चुनाव में 105 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। शिवसेना को 56, राकांपा को 54 और कांग्रेस को 44 सीट मिली हैं।


Download Android App
Download iOS App



