महाराष्ट्र की सत्ता में काबिज शिवसेना के सदस्यों ने रविवार को पड़ोसी राज्य कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई पर बेंगलुरु स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का कथित अपमान करने का आरोप लगा विरोध प्रदर्शन किया और उनके पुतले को पीटा। शिवेसना कार्यकर्ताओं ने पार्टी विधायक सदा सरवंकर और मनीष कायंदे के नेतृत्व में मुंबई के शिवाजी पार्क स्थित मराठा योद्धा की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। कायंदे ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बोम्मई से माफी मांगने के लिए कहना चाहिए।
शिवसैनिकों ने कथित घटना के विरोध में कर्नाटक के मुख्यमंत्री के पुतले की पिटाई की और उनके खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को रोके जाने पर शिवसैनिकों और पुलिस के बीच हल्की धक्का मुक्की भी हुई। सवांददाताओं से बातचीत में सारवंकर ने दावा किया कि भाजपा महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर वोट हासिल करना चाहती है लेकिन कर्नाटक में मराठा योद्धा का अपमान करती है।
शिवसैनिकों ने शनिवार को भी दक्षिण मुंबई स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय के सामने बोम्मई के खिलाफ प्रदर्शन किया था।उल्लेखनीय है कि बेंगलुरु में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का कथित अपमान करने की खबर के बाद बेलगावी में महाराष्ट्र एकीकरण समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वतंत्रता सेनानी संगोल्ली रायन्ना की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था जिससे इस सीमावर्ती शहर में तनाव फैल गया था। बोम्मई ने रविवार को लोगों से अपील की कि वे महान हस्तियों का सम्मान करें और अफवाहों पर गौर न करें।


Download Android App
Download iOS App



