मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे विवेक सागर के साथ वृक्षारोपण किया। इस दौरान चौहान ने कहा कि ये केवल कांस्य पदक नहीं है बल्कि भारतीय हॉकी का पुनर्जागरण है। उन्होंने कहा कि यह मध्य प्रदेश के लिए ही नहीं, देश के लिए गर्व की बात है कि वर्षों बाद हॉकी टीम ने ओलंपिक में पदक हासिल किया। लेकिन यह एक पड़व है। अभी टीम को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है।

उन्होंने मध्य प्रदेश के इटारसी निवासी विवेक सागर की मौजूदगी में कहा कि टीम के खिलाड़ी परिश्रम की पराकाष्ठा करें, जिससे टीम ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीत सके। भारतीय हॉकी टीम का प्रदर्शन देश में हॉकी का पुनर्जागरण है। खिलाड़ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, सरकार उन्हें प्रत्येक सुविधाएं मुहैया कराएगी।

चौहान ने 21 वर्षीय विवेक सागर की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे एक सामान्य परिवार से आए हैं और अपने संकल्प एवं परिश्रम की बदौलत इतने आगे बढ़ हैं। उन्होंने कहा कि अभी विवेक को कम से कम दस पंद्रह वर्ष और खेलना है, इसलिए वे और अधिक परिश्रम करें। उन्होंने राज्य में खेलों के क्षेत्र में हो रहे विकास का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इसके लिए बेहतर से बेहतर संसाधन मुहैया करा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विवेक को आज मध्य प्रदेश सरकार एक करोड़ रुपयों की सम्मान निधि प्रदान कर सम्मानित करेगी। इसके पहले विवेक सागर मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे, जहां चौहान ने उनका शॉल और श्रीफल भेंटकर परंपरागत तरीके से स्वागत किया। चौहान ने कहा कि ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। कई बार चांस की भी बात रहती है और टीम बेहतर प्रदर्शन के बावजूद पदक से वंचित रह गई। इसलिए मध्य प्रदेश सरकार ने महिला हॉकी टीम की सदस्यों को भी 31-31 लाख रुपए देने की घोषणा पहले ही की है और शीघ ही उनका सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



