मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा शनिवार की देर रात राजगढ़ जिले के ब्यावरा में पहुंची। वरिष्ठ पार्टी नेताओं की मौजूदगी में शिवराज सिंह विशेष रथ में सवार होकर भीड़ का अभिवादन करते और बीच बीच में उन्हें संबोधित भी करते रहे। शिवराज सिंह ने अपनी यात्रा की शुरूआत शनिवार को दिन में पड़सी आगर जिले के नलखेड़ से की। वहां पर आयोजित सभा में शिवराज सिंह ने अपनी लगभग पंद्रह सालों की उपलब्धियां संक्षेप में गिनायीं और कहा कि लगभग पचास सालों तक शासन करने वाली कांग्रेस ने इस राज्य के लोगों को बिजली, सड़क और पानी नहीं दिया। और अब इसके नेता बड़ बड़ बातें करते हैं।
उन्होंने कहा कि जनता तो कांग्रेस से 50 सालों का हिसाब लेकर रहेगी। शिवराज सिंह चौहान ने इसके पहले आगर जिले के कानड़ में भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अब उनके के खिलाफ अपशब्दों तक का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन वह इन सबसे से विचलित होने वाले नहीं हैं और राज्य की जनता के कल्याण और विकास के लिए कार्य करते रहेंगे। शिवराज सिंह की यात्रा विभिन्न रास्तों से होती हुई रात में राजगढ़ जिले के ब्यावरा पहुंची। इसके पहले यात्रा राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में भी पहुंची।
रात्रि में यात्रा के पहुंचने पर भारी भीड़ ने उनका स्वागत किया। शिवराज सिंह विभिन्न सभाओं में अपनी उपलब्धियां बताने से नहीं चूक रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने रात्रि विश्राम ब्यावरा में ही किया। वे आज सुबह यहां कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात के बाद गुना जिले में प्रवेश करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव की बीजेपी की तैयारियों के बीच शिवराज सिंह ने जन आशीर्वाद यात्रा के तहत सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में जाने का निश्चय किया है। उनकी यात्रा पिछले माह प्रारंभ हुयी है और सितंबर में इसका समापन होगा।


Download Android App
Download iOS App



