महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर लागू प्रतिबंधों की वजह से गैर आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति करनेवाली दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान शनिवार को बंद रहे। जिला एवं नागरिक प्रशासन ने जिले में कड़े कदम उठाते हुए सप्ताहांत में आवश्यक सेवा से बाहर रखी गई वस्तुओं की बिक्री में शामिल कारोबारी प्रतिष्ठानों और दुकानों को बंद रखने के आदेश दिए थे।
सोलापुर नगर निगम ने कहा, ‘‘संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर हमने शहर में कुछ प्रतिबंध लगाए हैं और इस कदम के तहत शनिवार और रविवार को दुकान और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।’’ उन्होंने बताया कि हालांकि सप्ताहांत में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध नहीं है।
आदेश में होटलों, रेस्त्रां और परमिट कमरों को सिर्फ 50 फीसदी क्षमता के साथ ही रात आठ बजे तक खुला रखने की अनुमति दी गई है। वहीं घर पर पहुंचाने वाली सुविधा को रात 10 बजे तक जारी रखने की अनुमति है। होटल, रिसॉर्ट और खुले स्थलों में होली के उत्सव मनाने पर प्रतिबंध है। वहीं प्रशासन ने लोगों से शब-ए-बारात सादे तरीके से मनाने की अपील की है।


Download Android App
Download iOS App



