भाजपा नेता शुभेंदू अधिकारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर ”बाहरी” करार देते हुए दावा किया कि वह बनर्जी को करारी शिकस्त देने को लेकर ”200 फीसदी” आश्वस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी कोलकाता की भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ने से बच रही हैं। भाजपा ने बनर्जी के मंत्रिमंडल सहयोगी रहे अधिकारी को पूर्वी मिदनापुर की नंदीग्राम सीट से मैदान में उतारा है, जहां से मुख्यमंत्री भी ताल ठोक रही हैं।
कोलकाता के बेहाला इलाके में आयोजित एक रैली में अधिकारी ने बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, ” आपने अपनी भवानीपुर सीट क्यों छोड़ दी? आप क्यों वहां से भाग खड़ी हुईं? ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा ने मित्रा संस्थान के बूथ पर 2019 लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी? यहां तक की आप अपने क्षेत्र में भी नहीं जीत सकतीं।”
नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराने का विश्वास जताते हुए भाजपा नेता अधिकारी ने कहा, ” मैंने नंदीग्राम में लक्ष्मण सेठ को हराया था। इस बार मैं माननीय (बनर्जी) को हराउंगा। वह नंदीग्राम के लिए बाहरी हैं जबकि मैं क्षेत्र का भूमिपुत्र हूं।”
रैली के दौरान शुभेंदू अधिकारी ने ममता बनर्जी के भतीजे एवं तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने बनर्जी के परिवार से पूछताछ कर अपना फर्ज निभाया है क्योंकि वे कानून से ऊपर नहीं हैं।


Download Android App
Download iOS App



