महाराष्ट्र में बिजली की बकाया राशि का भुगतान करने में विफल रहे किसानों और अन्य घरेलू उपभोक्ताओं तक बिजली आपूर्ति बंद कर देने का अभियान फिलहाल के लिए रोक दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने मंगलवार को विधानसभा में इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान यह बात कही।
पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के देवेंद्र फडणवीस ने सदन में यह मुद्दा उठाया था जिसके बाद पवार ने यह घोषणा की। फडणवीस ने कहा कि बिजली के बढ़े हुए बिलों को लेकर राज्यभर के लोगों में बहुत गुस्सा है। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों को बिजली आपूर्ति बंद करने संबंधी नोटिस मिले हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘लॉकडाउन और भारी बारिश के कारण किसानों को पहले ही काफी घाटा उठाना पड़ा है। अब उनके सामने बिजली आपूर्ति बंद होने का संकट है।’’ महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बिजली आपूर्ति बंद करने संबंधी अभियान को रोकने की बात कही।
इसके बाद पवार ने कहा, ‘‘मैं राज्य सरकार की ओर से कहना चाहता हूं कि किसानों और अन्य घरेलू उपभोक्ताओं के यहां बिजली आपूर्ति बंद करने संबंधी अभियान तत्काल प्रभाव से रोका जाएगा, तब तक के लिए जब तक कि देवेंद्र फडणवीस साहेब द्वारा उठाए गए मुद्दे पर चर्चा नहीं हो जाती।’’


Download Android App
Download iOS App



