AAP को जीत की बधाई देते हुए बोले येचुरी-बीजेपी को दिल्ली ने दिया माकूल जवाब

Summary :

माकपा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली वालों ने बीजेपी की नफरत और हिंसा की राजनीति को माकूल जवाब दिया है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है। जीत पर अन्य राजनीतिक दल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर कटाक्ष कर रहे है। माकपा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली वालों ने बीजेपी की नफरत और हिंसा की राजनीति को माकूल जवाब दिया है। 
माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आप, अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की जनता को बधाई, जिसने बीजेपी की नफरत और हिंसा की राजनीति को माकूल जवाब दिया है। गाली और गोली की भाषा बोल रहे केन्द्रीय मंत्रियों को जनता ने सही जवाब दिया है।’’ 


येचुरी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मतलब लोगों की जिंदगी, आजीविका, शिक्षा और स्वास्थ्य को सुरक्षित बनाना है। येचुरी ने कहा कि देश के आर्थिक संकट, बेरोजगारी और लोकतंत्र पर संकट के बारे में सवाल उठाने वालों को धमकाने वालों को चुनाव में जनता ने जवाब दे दिया है। उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग के मतगणना के रुझानों के आधार पर आप 62 और बीजेपी आठ सीटों पर आगे चल रही है। 

Desk Team