अरुणाचल प्रदेश के खोंसा इलाके में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एनएससीएन (आईएम) के छह उग्रवादी मारे गए। सैन्य सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ में असम राइफल्स का एक जवान भी घायल हुआ है और उसकी हालत स्थिर बताई जाती है।
अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में स्थित खोंसा, असम के प्रमुख औद्योगिक शहर तिनसुकिया से 50 किलोमीटर दूर है। सूत्रों ने बताया कि यह मुठभेड़ सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई। मुठभेड़ स्थल से छह हथियारों के साथ अन्य युद्ध जैसी सामग्री बरामद हुई है।
इस संबंध में एक सूत्र ने कहा, ‘‘सुबह करीब साढ़े चार बजे इलाके में एनएससीएन (आईएम) के उग्रवादियों से मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में छह उग्रवादी मारे गए।’’
नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालिम (इसाक-मुइवा) या एनएससीएन (आईएम) पिछले कई दशकों से नगा लोगों के लिए अलग राज्य की मांग को लेकर लड़ रहा उग्रवादी संगठन है। यह छह दशकों से चल रहे नगा मुद्दे के समाधान के लिए केंद्र से साथ बातचीत करता रहा है।


Download Android App
Download iOS App



