तमिलनाडु में कोविड-19 के करीब छह हजार नये मामले आए, ठीक हुए मरीजों की संख्या तीन लाख के पार

Summary :

चेन्नई : तमिलनाडु में कोविड-19 के 5,742 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी मिलने के साथ ही राज्य में ठीक हो चुके मरीजों की संख्या गुरुवार को तीन लाख के पार हो गई।

चेन्नई : तमिलनाडु में कोविड-19 के 5,742 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी मिलने के साथ ही राज्य में ठीक हो चुके मरीजों की संख्या गुरुवार को तीन लाख के पार हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। 
राज्य में 5,986 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के साथ, संक्रमण के कुल मामले 3.61 लाख हो गए, जबकि संक्रमण के कारण 116 और मौतें होने से मृतकों की संख्या 6,239 तक पहुंच गई। 
तमिलनाडु में लगातार काफी संख्या में लोग इस बीमारी से ठीक हो रहे हैं और आज 5,742 मरीजों को छुट्टी मिलने के साथ ठीक होने वालों की संख्या 3,01,913 हो गई है। विभाग ने एक बुलेटिन में कहा कि राज्य में अब 53,283 मरीज उपचाराधीन है। 
वहीं, महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के 14492 नए मामले सामने आए जो किसी एक दिन का सर्वोच्च स्तर है। राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 643289 तक पहुंच गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार 326 मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 21359 हो गयी। बयान के अनुसार बृहस्पतिवार को 12243 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गयी। अब तक 459124 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की दर 71.37 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 3.32 प्रतिशत है। राज्य में अभी 162491 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं। विभाग ने कहा कि अब तक 3414809 लोगों की जांच की गयी है।

Ujjwal Jain