पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भाजपा समर्थकों ने एक बार फिर ‘जय श्री राम’ नारों से स्वागत किया। बनर्जी बृहस्पतिवार को 623 साल पुराने रथ यात्रा उत्सव के उद्घाटन के लिए हुगली जिले के महेश इलाके में गई थीं जब ये नारे लगाए गए।
बनर्जी ‘जय जगन्नाथ’ के नारों के बीच जब मंच से उतर रही थी तब एक वर्ग से नारों की आवाज सुनाई दी। कोलकाता से करीब 24 किलोमीटर दूर महेश सेराम्पोर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है जहां तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने जीत दर्ज की थी।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले पुलिस ने भाजपा समर्थकों को घेर लिया था। पुलिस जैसे ही बनर्जी को उनके लिए इंतजार कर रहे वाहन में ले जा रही थी तभी भाजपा समर्थकों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए।
मई में उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा में ‘जय श्री राम’ के नारों पर तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो की गुस्साई प्रतिक्रिया को लेकर भाजपा ने उनकी काफी खिंचाई की थी।
इस कार्यक्रम में बनर्जी ने महेश रथ यात्रा को लोकप्रिय बनाने और शहर में एक इको पर्यटन पार्क के निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य भर में तीर्थयात्रा केंद्रों के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



