केंद्रीय मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को यहां कहा कि विपक्षी कांग्रेस ने असम में अपने शासनकाल के दौरान केवल विकास के सपने दिखाए, जबकि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग की सरकार बनने के बाद वादे पूरे हुए।
राज्य विधानसभा चुनावों से पहले शनिवार को दूसरी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने आरोप लगाए कि कांग्रेस ने ‘‘जनता का धन लूटा’’ और राज्य में अपने शासन काल के दौरान विकास कार्य नहीं किए। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने वर्षों तक शासन किया और विकास के सपने दिखाए। बहरहाल, 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद विकास कार्य शुरू हुए।’’
महिला एवं बाल विकास मंत्री ईरानी ने कहा कि केंद्र से धन आना जारी रहेगा लेकिन लोगों तक राज्य सरकार के माध्यम से यह तभी पहुंचेगा जब पूर्वोत्तर के इस राज्य में भाजपा की सरकार रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के एक नेता ने कहा था कि केंद्र की तरफ से भेजे गए एक रुपये में से महज दस पैसा लोगों तक पहुंचता है। इसका मतलब है कि नेता ने यह भी स्वीकार किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक धन को लूटा।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी के केंद्र में सत्ता में आने के बाद किसी ने भी करदाताओं के धन को छूने की हिम्मत नहीं की। कांग्रेस पार्टी के अंदर ‘‘कुप्रबंधन’’ पर कटाक्ष करते हुए ईरानी ने कहा, ‘‘उनके नेता आंख में आंख मिलाकर बात नहीं करते हैं। उस पार्टी में दो नेता निर्णय नहीं कर सकते हैं और उन्होंने एक ऐसे संगठन से गठबंधन किया है जो असम की संस्कृति को खत्म कर रही है।’’ ईरानी ने कहा कि कांग्रेस गरीब लोगों के लिए शौचालय भी नहीं बनवा सकती है लेकिन कॉलेज और विश्वविद्यालयों के भवन बनाने का वादा करती है।
2016 के विधानसभा चुनावों में शिवसागर क्षेत्र से कांग्रेस की जीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘पिछली बार गलती हुई थी लेकिन इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए।’’ ईरानी भाजपा की उम्मीदवार सुरभि राजकुंवर के चुनाव प्रचार के लिए शिवसागर आई हुई थीं। यहां 27 मार्च को चुनाव होने वाले हैं। इस सीट पर राजकुंवर का मुकाबला सीएए विरोधी कार्यकर्ता अखिल गोगोई और कांग्रेस नेता शुभ्रमित्रा गोगोई से है।


Download Android App
Download iOS App



