हिमाचल प्रदेश के सुरम्य पर्यटन स्थल मनाली में गुरुवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। शिमला के आसपास के इलाकों में भी हुई बर्फबारी के चलते क्षेत्र बर्फ की चादर से ढक गया है। बदले घटनक्रम से पर्यटकों के चेहरों पर मुस्कान छा गई है।
अधिकारियों ने कहा कि मार्ग पर हुई बर्फबारी के चलते ऊपरी शिमला जिले के कुछ टूरिस्ट स्पॉट्स से संपर्क टूट गया है। अपनी सुंदरता के लिए प्रसिद्ध क्षेत्र ‘शिमला’ को तत्कालीन ब्रिटिश शासकों ने ‘क्वीन ऑफ हिल्स’ करार दिया था। यहां हल्की बारिश हुई है, जिसके चलते न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस देखा गया।
बर्फबारी की खबर फैलते ही पर्यटक कुफरी, मशोबरा और नरकंडा जैसे शिमला के नजदीकी स्थानों पर पहुंचने लगे हैं। शिमला के एक होटल व्यवसायी ने कहा, हमें उम्मीद है कि इस हफ्ते पर्यटकों की अच्छी खासी संख्या हमें देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग के अधिकारी ने यहां कहा कि मनाली, गुलाबा, सोलांग और कोठी जैसी पहाड़ियों पर बुधवार देर रात से हल्की बर्फबारी हो रही है। अधिकारी ने कहा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, शिमला, मंडी, सिरमौर और चंबा जिलों के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि मध्य और निचले क्षेत्रों में बारिश देखी जा सकती है।


Download Android App
Download iOS App



