महाराष्ट्र में अब तक कुल 26,89,922 लोगों को कोविड-19 का टीका दिया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को 2,54,956 लोगों को टीका दिया गया जो अब तक राज्य में एक दिन में दी गई सबसे ज्यादा संख्या थी।
अधिकारी ने कहा, “कई टीकाकरण केंद्र शुक्रवार देर रात तक काम करते रहे इसलिए यह आंकड़ा शनिवार को दर्ज किया गया।” अधिकारी ने कहा कि राज्य में अब तक जिन लोगों को टीका दिया जा चुका है उनमें से 3,73,317 लोगों को टीके की दूसरी खुराक भी दी गई है जबकि अन्य लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई है।
शुक्रवार को 1,66,995 वरिष्ठ नागरिकों को टीका दिया गया और 45 से 60 वर्ष की उम्र के 31,043 उन लोगों को टीका दिया गया जो पहले से किसी बीमारी से पीड़ित हैं। राज्य में अब तक 8,51,952 वरिष्ठ नागरिकों और 45 से 60 वर्ष की आयु के 1,50,558 अन्य लोगों को टीका दिया जा चुका है।
अधिकारी ने बताया कि अब तक 8,18,917 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका गया है जिनमें से 3,28,477 कर्मियों को टीके की दूसरी खुराक की भी दी गई है। इसी प्रकार अग्रिम मोर्चे पर तैनात 4,95,178 कर्मियों को टीका दिया जा चुका है जिनमें से 44,840 लोगों को दूसरी खुराक दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



