मुंबई हवाईअड्डे पर दुर्गापुर जाने वाले स्पाइसजेट विमान में देरी होने के बाद यात्रियों के एक समूह ने शनिवार को हंगामा किया । हंगामा करने वाले यात्रियों में वे यात्री भी शामिल थे, जिन्हें शुक्रवार को सुबह सात बजकर 50 मिनट पर मुंबई-दुर्गापुर उड़ान के रद्द किये जाने के बाद समायोजित किया गया था ।
सूत्रों ने बताया, ‘‘दुर्गापुर की उड़ान लेने वाले यात्रियों के एक छोटे समूह ने कहा कि वह किसी और को अपनी उड़ान में सवार होने की अनुमति नहीं देंगे। एयरलाइन के सुरक्षा स्टाफ और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारी मौके पर आये उनसे कहा कि वह अन्य यात्रियों को भी विमान में सवार होने दें ।’’
स्पाइसजेट के विमान के मुंबई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के लिए सुबह सात बजकर 50 मिनट पर उड़ान भरने की संभावना थी । विमान में सवार होने वाले एक यात्री ने नौ बजकर 23 मिनट पर ट्वीट किया, ‘‘डीजीसीएइंडिया को स्पाइसजेट के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की जरूरत है । कंपनी ने तकनीकी कारण बता कर लगातार दूसरे दिन दुर्गापुर के लिए उड़ान रद्द कर दी है । इससे उम्रदराज और बीमार यात्री बड़ी संख्या में प्रभावित हुए हैं । क्या यह उड़ान योजना का मखौल नहीं है ।’’
एयरलाइन ने प्रेट्र को बताया, ‘‘तकनीकी कारणों से मुंबई से दुर्गापुर जाने वाले विमान में देरी हुई है । तकनीकी गड़बड़ी को दुरुस्त करने के दौरान उड़ान का समय दो बार बदला गया है ।’’ एयरलाइन ने बताया, ‘‘विमान ने दस बजकर 40 मिनट पर उड़ान भरी । किसी भी समय उड़ान को रद्द नहीं किया गया ।’’


Download Android App
Download iOS App



