द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम के स्टालिन ने आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को परास्त करने के लिए अगले प्रधानमंत्री के रूप में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम का प्रस्ताव रखा है। श्री स्टालिन ने रविवार को यहां पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि की प्रतिमा के अनवारण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वह देश की अगुवाई करने और एक स्वच्छ प्रशासन देने के लिए श्री राहुल गांधी के नाम का प्रस्ताव रख रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ कलैगनार की प्रतिमा के अनावरण अवसर पर मैं श्री राहुल का नाम देश के अगले प्रधानमंत्री के लिए प्रस्तावित करता हूं।’’ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन(संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी, आंध, प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन और पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदम्बरम समेत विभिन्न् राजनीतिक एवं अन्य क्षेत्र की जानी-मानी हस्तियां मौजूद थी।
श्री स्टालिन ने अपने पिता श्री करुणानिधि द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और वर्ष 2004 में श्रीमती सोनिया गांधी के लिए कहे गये उद्धरण को याद किया और कहा कि वह अब श्री राहुल को अगले प्रधानमंत्री के लिए पेशकश कर रहे हैं। उन्होंने श्री करुणानिधि की शब्द-शैली में कहा, ‘‘ राहुल गांधी वरुगा, नल्लात्चि थवरुगा (राहुल गांधी आओ, अच्छा प्रशासन दो)। ’’ उन्होंने कहा कि राहुल में योज्ञता है और मंच पर मौजूद सभी नेताओं को उनका हाथ मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘ आओ, सभी राहुल के हाथ मजबूत करें और लोकतंत्र का प्रकाश प्रज्वलित करें1’’ यह पहला मौका था जब श्री राहुल का नाम अगले प्रधानमंत्री के लिए प्रस्तावित किया गया। कांग्रेस ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को जबरदस्त शिकस्त दी है और राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार का गठन कर रही है।
श्री स्टालिन ने अपना यह प्रस्ताव ऐसे समय रखा है, जब लोकसभा चुनाव को पांच महीने शेष है और इस चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए रणनीति के मद्देनजर श्री राहुल गांधी एक सप्ताह बाद नयी दिल्ली में सभी विपक्षी दलों की एक बैठक की अध्यक्षता करने जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



