द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने यहां राजभवन में राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित के साथ बुधवार को मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा किया। इससे एक दिन पहले ही सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता निर्वाचित किया गया था। पार्टी की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और महासचिव दुराईमुरुगन के साथ स्टालिन ने पुरोहित से मुलाकात की और उन्हें द्रमुक विधायक दल का नेता निर्वाचित किए जाने के संबंध में एक पत्र दिया तथा सरकार बनाने का दावा पेश किया।
द्रमुक कोषाध्यक्ष टी आर बालू, प्रधान सचिव के एन नेहरू और संगठन सचिव आर एस भारती भी स्टालिन के साथ मौजूद थे। द्रमुक प्रमुख सात मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे और उन्हें राजभवन में साधारण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
स्टालिन को मंगलवार को द्रमुक विधायक दल का नेता निर्वाचित किया गया। द्रमुक ने विधानसभा चुनावों में 133 सीटें जीती और कांग्रेस समेत उसके अन्य सहयोगियों ने 234 सदस्यीय विधानसभा में कुल 159 सीटें जीती हैं। अन्नाद्रमुक ने 66 सीटों पर जीत हासिल की है जबकि उसकी सहयोगी भाजपा और पीएमके ने क्रमश: चार और पांच सीटें जीती हैं।


Download Android App
Download iOS App



